लातेहार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात गैंगस्टर अमन साहू के सहयोगी राहुल सिंह गिरोह के पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि ये अपराधी बालूमाथ थाना क्षेत्र के जोगियाडीह मैदान में किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सभी को धर दबोचा। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान चंदवा थाना क्षेत्र के चेतर निवासी वीरेंद्र गंझू, मुन्ना गंझू, उमेश गंझू, हेरहंज थाना क्षेत्र के कसमार निवासी दिलीप उरांव और बरियातू के बारीखाप निवासी विकास साव के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से एक 7.65 एमएम का देशी पिस्तौल, दो देशी कट्टा, 16 गोली, 7 मोबाइल फोन और दो पल्सर बाइक बरामद की है। कोयला व्यवसायी के घर की थी फायरिंग एसपी कुमार गौरव ने प्रेस वार्ता में बताया कि ये सभी अपराधी कोयला व्यवसायी मुकेश सिंह के घर में फायरिंग और फोरलेन सड़क निर्माण साइट पर गोलीबारी की घटना में शामिल थे। राहुल सिंह के कहने पर ये लोग ईंट भट्ठों से भी लेवी वसूली करते थे। गिरफ्तार अपराधियों में से उमेश गंझू पर दो, जबकि मुन्ना गंझू और दिलीप गंझू पर एक-एक आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं और ये पहले भी जेल जा चुके हैं। पुलिस अब लेवी के पैसों के नेटवर्क की जांच कर रही है। इस सफल अभियान में बालूमाथ एसडीपीओ विनोद रवानी के नेतृत्व में पुलिस की एक बड़ी टीम शामिल थी। सभी गिरफ्तार अपराधियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।


