भास्कर न्यूज | अमृतसर अटारी में एनकाउंटर के दौरान ढेर हुए गैंगस्टर मनी प्रिंस के शव का 40 घंटे के बाद इमरजैंसी में लेट नाइट सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम किया गया। यह कार्रवाई एसडीएम मनकवल सिंह चाहल की निगरानी में की गई। 2 दिन पहले 20 जनवरी की दोपहर साढ़े 12 बजे अटारी ड्रेन के पास मनी प्रिंस के साथ देहाती पुलिस की मुठभेड़ हो गई थी। जिस दौरान पुलिस की ओर से जबावी कार्रवाई में मारा गया था। उसके शव को पुलिस ने अजनाला सरकारी अस्पताल के मोर्चरी में रखवाया था। शव का पोस्टमार्टम एक्सरे के साथ होना था, मगर सरकारी अस्पताल में मशीन नहीं होने के कारण इमरजैंसी में बुधवार की रात 10 बजे सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम हुआ। एसडीएम ने बताया कि 40 घंटे शव को हो गए थे, उसका पोस्टमार्टम करना जरूरी था। इमरजैंसी मेंे रात के समय पोस्टमार्टम हुआ है। पोस्टमार्टम में किसी भी तरह की कोई कमी न रह जाए यां उसके परिजनों को कोई शिकायत न हो उसको लेकर एक्सरे के साथ पोस्टमार्टम किया गया। शव परिवार को सौंप दिया है। गौर हो कि 12 जनवरी को लोपोके इलाके में हुए एनकाउंटर में मनी प्रिंस घायल हुआ था। इलाज के लिए उसे गुरु नानक देव अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन वह पुलिस सुरक्षा से फरार होने में कामयाब रहा। अभी तक मनी प्रिंस की पत्नी अमृत कौर के बारे में पुलिस कोई जानकारी सांझा नहीं कर रही है।


