गैंगस्टर सुजीत सिन्हा होगा पलामू जेल में शिफ्ट:चाईबासा से स्थानांतरित होगा, मिलने वालों पर रहेगी नजर

कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा को चाईबासा जेल से पलामू सेंट्रल जेल में स्थानांतरित किया जाएगा। यह स्थानांतरण आईजी कारा के निर्देश पर होगा। सुजीत सिन्हा पलामू के रेड़मा का रहने वाला है। पलामू में ही आपराधिक वारदात को अंजाम देकर सुजीत सिन्हा ने अपराध की दुनिया में कदम रखा था। सुजीत सिन्हा के गैंग के कई सदस्य भी पलामू सेंट्रल जेल में बंद हैं। राज्य के विभिन्न जिलों में सुजीत सिन्हा पर कई आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने का आरोप है। पलामू में दो दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। गैंगस्टर सुजीत सिन्हा के स्थानांतरण के आदेश के बाद पलामू सेंट्रल जेल में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। जेल की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जाएगी। जेल सुपरिटेंडेंट भागीरथ करजी ने इस स्थानांतरण आदेश की पुष्टि की है। उन्होंने कहा है कि सुजीत सिन्हा के यहां आने पर उससे जेल में मिलने-जुलने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी। पलामू सेंट्रल जेल में पहले से ही कई कुख्यात अपराधी और नक्सली बंद हैं। पीएलएफआई का सुप्रीमो दिनेश गोप भी इसी जेल में है। सुजीत सिन्हा के खिलाफ एनआईए भी जांच कर रही है। सुजीत सिन्हा पर पलामू में रेलवे के फ्रेट कॉरिडोर निर्माण स्थल और नेशनल हाइवे कंस्ट्रक्शन साइट पर हमला करने का आरोप है। इसके अलावा रांची, हजारीबाग, लातेहार, चतरा, रामगढ़ और पलामू समेत कई इलाकों में आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने और गिरोह चलाने के आरोप भी उस पर हैं। पिछले एक वर्ष में पलामू पुलिस ने सुजीत सिन्हा गिरोह से जुड़े एक दर्जन से अधिक अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इस गिरोह से जुड़ने के आरोप में उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ से भी शूटर गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *