सीबीआई की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा ने घूस लेते गिरफ्तार गैरिसन इंजीनियर साहिल रातुसरिया के नामकुम स्थित घर से 79 लाख रुपए कैश जब्त किया है। सीबीआई को तलाशी के दौरान घर से करीब 50 लाख रुपए के गहने और शेयर में निवेश के कागजात भी मिले। जांच एजेंसी ने इसे भी जब्त कर लिया। शेयर के कागजात का मूल्यांकन चल रहा है। शेयर में करीब एक करोड़ रुपए निवेश करने की जानकारी सामने आई है। घर से एक डायरी भी बरामद हुई है, जिसमें कुछ लेन-देन का उल्लेख है। बताया जा रहा है कि साहिल रातुसरिया 2013 में इंजीनियर की नौकरी में आया था। अभी उसका वेतन करीब 90 हजार रुपए है। वहीं सीबीआई को जो राशि और संपत्ति का पता चला है, वह आय से काफी ज्यादा है। जांच एजेंसी ने उसकी इन संपत्तियों और कैश के बारे में जानकारी मांगी, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला। सीबीआई उससे पूरी जानकारी लेने की कोशिश में है। इसलिए सीबीआई कोर्ट से सोमवार तक के लिए रिमांड पर लिया है। बिल भुगतान के लिए मांगी थी घूस: साहिल रातुसरिया को सीबीआई ने बुधवार को 40,500 रुपए घूस लेते गिरफ्तार किया था। उसने सिविल कार्य करने वाले एक ठेकेदार से 27 लाख रुपए के बिल का भुगतान करने के लिए 54 हजार रुपए घूस मांगी थी। हालांकि बाद में यह राशि 40,500 रुपए में तय हुई। ठेकेदार ने सीबीआई से इसकी शिकायत की। सत्यापन में आरोप सही मिले तो उसे घेरने का प्लान बनाया। बुधवार को ठेकेदार ने जैसे ही पैसे दिए, सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया।


