लुधियाना| श्री आत्म वल्लभ जैन कॉलेज के बाहर दिन-रात चल रहा धरना 10वें दिन भी जारी रहा। धरने पर बैठे सीनियर असिस्टेंट कुल भूषण शर्मा ने बताया कि लगातार बारिश और तेज आंधी के कारण टेंट को काफी नुकसान पहुंचा, लेकिन इसके बावजूद धरना जारी रखा गया। कुल भूषण शर्मा ने बताया कि इस मुश्किल समय में गांव के लोगों ने भरपूर सहयोग दिया। गुरुद्वारा साहिब की ओर से लगातार मदद मिल रही है। पास के गांव मज़्हफागुवाल के लोगों ने भी सहयोग करते हुए लंगर, चाय और बिस्कुट की व्यवस्था की। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि न्याय और ईमानदारी की लड़ाई है। धरनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों और युवाओं ने बताया कि उनके गांव के कई बच्चे इसी कॉलेज से पढ़कर निकले हैं और कुल भूषण शर्मा ने हमेशा ईमानदारी और वफादारी से काम किया। कुल भूषण शर्मा ने दावा किया कि कॉलेज के अयोग्य प्रिंसिपल द्वारा उन्हें और अन्य कर्मचारियों को बिना किसी ठोस कारण के नौकरी से निकाला गया। उन्होंने बताया कि पहले निकाले गए कर्मचारी देविंदर सिंह, परमजीत कौर, सोनिका लखनपाल, सुरिंदर पाल, रणजीत सिंह, शिव पाल और आंचल ग्रोवर भी उनके संपर्क में हैं और जल्द ही धरने में शामिल होंगे। धरने को समर्थन देने के लिए किसान जत्थेबंदियों, कुल भूषण शर्मा के पुराने मित्रों और समाजसेवियों ने भी शिरकत की। धरने में अजीत गिरी, दलजीत सिंह, वानी, ऋद्धि शर्मा, सतीश कांबोज, रवि, राकेश तिवारी, नरेंद्र बंसल, अनिल बंसल, ओम प्रकाश, गौरव विर्मानी, हिमांशु खन्ना, बबलू, टोनी, मोहित, जशनदीप और रोहित समेत कई लोग मौजूद रहे।


