जवाहर सर्किल स्थित गोकुल वाटिका में रविवार को श्रीजी का फाग उत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में गुरुदेव गोस्वामी प्रेमकुमार महाराज, गोस्वामी हितेंद्र कुमार महाराज और गोस्वामी प्रियांश महाराज (छोटी सरकार श्रीधाम वृंदावन) का विशेष सानिध्य प्राप्त हुआ। आयोजकों सुरेश टांक, राजेन्द्र और विष्णु टांक ने अतिथियों का दुपट्टा ओढ़ाकर और फूल बरसाकर स्वागत किया। विष्णु टांक ने बताया कि यह फाग श्याम भजन संध्या का आयोजन प्रतिवर्ष किया जाता है। कार्यक्रम में राधाकृष्ण स्वरूप की भव्य झांकी सजाई गई। श्याम जी का फूलों से विशेष श्रृंगार किया गया। भक्तिमय माहौल में ‘श्याम रंग रसिया’ और ‘फागण आयो रंग रसिया श्याम’ जैसे भजनों की प्रस्तुति हुई। महिलाओं ने भी कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कोमल, रश्मि, ममता, मंजु, अंजना और आस्था ने राधा कृष्ण के सामने नृत्य कर अपनी हाजरी लगाई। सभी श्रद्धालु फागुन के भजनों में ठाकुर जी के संग फूलों की होली खेलते हुए झूम उठे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने प्रसादी का आनंद लिया।


