गोड्डा जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के घाट बंका में एक दुखद घटना सामने आई है। खेत जोतने के दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में ट्रैक्टर चालक संजू मुर्मू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक के भाई सामियल मुर्मू ने बताया कि संजू दूसरे के खेत को जोतने गया था। इस दौरान ट्रैक्टर फंस गया। ट्रैक्टर को निकालने का प्रयास करते समय वाहन अचानक पलट गया। संजू उसके नीचे दब गए। बाद में जेसीबी की मदद से ट्रैक्टर को उठाया गया। शव को बाहर निकाला गया। घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए गोड्डा भेज दिया है। मुफ्फसिल थाना प्रभारी आनंद कुमार साहा ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आगे की कार्रवाई की जा रही है। जानकारी के अनुसार, मृतक संजू मुर्मू पिछले दो सालों से सुमित मंडल का ट्रैक्टर चला रहा था। मृतक अपने पीछे चार साल की एक बच्ची और पत्नी को छोड़ गया है। घटना की खबर मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दुर्घटना ने एक परिवार को निराश्रित कर दिया है।


