गोड्डा में पप्पू अंसारी की हत्या का खुलासा:दो आरोपी गिरफ्तार, मवेशी चोरी के आरोप में पीट-पीटकर कर दी थी हत्या

गोड्डा जिले के पोडैयाहाट थाना क्षेत्र में 7 जनवरी की रात पप्पू अंसारी की हत्या के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, ग्रामीणों ने मवेशी चोरी के आरोप में पप्पू अंसारी की पिटाई की थी, जिससे उसकी मौत हो गई। यह घटना पोडैयाहाट थाना अंतर्गत मटिहानी गांव के बधार में हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए गोड्डा पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय जय प्रकाश नारायण चौधरी के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया था। त्वरित अनुसंधान करते हुए एसआईटी ने मटिहानी गांव के मुनीलाल मरांडी और अनंत मरांडी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में बताया कि 7 जनवरी की रात तीन अज्ञात लोग उनके घर के गोहाल से मवेशी चुरा रहे थे। ‘चोर-चोर’ का हल्ला करने पर गांव के लोग इकट्ठा हुए और चोरों का पीछा किया। बधार में एक चोर को पकड़ा गया, जिसकी ग्रामीणों ने पिटाई की। इसी पिटाई से उसकी मृत्यु हो गई। बाद में उसकी पहचान पप्पू अंसारी के रूप में हुई। इस कांड में संलिप्त अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय जेपीएन चौधरी ने बताया की अनुसंधान के क्रम में यह भी बात भी सामने आई है कि मृतक पप्पू अंसारी पूर्व में कई बार मवेशी चोरी और तस्करी के आरोप में जेल जा चुका था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *