गोड्डा जिले के महागामा थाना क्षेत्र अंतर्गत मांगन पिपरा बहियार में 30 वर्षीय युवक का शव मिला। सुबह खेत की ओर गए ग्रामीणों ने बहियार में शव पड़ा देखा। जिसके बाद तुरंत इसकी सूचना महागामा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान मांगन पिपरा के रहने वाले अमित कुमार मोदी के रूप में हुई है। जैसे ही शव मिलने की खबर परिजनों तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया। पत्नी और परिजन रो-रोकर बदहवास हो गए। ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। जिससे पूरे क्षेत्र में तनाव और सनसनी का माहौल बन गया। सोमवार शाम घर से निकला था युवक परिजनों के अनुसार अमित सोमवार की शाम करीब सात बजे घर से यह कहकर निकले थे कि वह थोड़ी देर घूमकर वापस आएंगे और लौटकर खाना खाएंगे। लेकिन देर रात तक जब वह घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। कई बार मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन फोन बंद मिला। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। मंगलवार सुबह शव मिलने की सूचना पर महागामा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रशेखर आजाद और महागामा थाना प्रभारी मनोज कुमार पाल दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए गोड्डा सदर अस्पताल भेज दिया। जमीन विवाद में हत्या की आशंका मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया कि अमित का पड़ोसी के साथ लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। परिजनों को आशंका है कि इसी विवाद के कारण उसकी हत्या की गई हो सकती है। पुलिस इस बिंदु को गंभीरता से लेते हुए जांच कर रही है। विवाद से जुड़े लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। महागामा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रशेखर आजाद ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।


