गोड्डा जिले के ललमटिया थाना क्षेत्र से एक विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। गोरखपुर पहाड़ के पास 20 वर्षीय पार्वती हेंब्रम का शव एक पेड़ से लटका हुआ पाया गया। पार्वती की शादी वर्ष 2023 में गोरखपुर गांव के रहने वाले प्रकाश मुर्मू से हुई थी। मृतका की मां मयबीटी मरांडी ने बताया कि शादी के बाद से ही पार्वती के साथ ससुराल में झगड़ा और मारपीट की घटनाएं हो रही थीं। बीते पांच महीने से वह अपने मायके में रह रही थी। 19 जून से थी लापता मां के अनुसार, 10 जून को ससुराल वाले पार्वती को वापस अपने घर ले गए थे। शुरुआत के आठ दिन सबकुछ सामान्य रहा, लेकिन 19 जून की शाम से पार्वती अचानक लापता हो गई। परिवार वालों का आरोप है कि पार्वती के गायब होने की सूचना ससुराल वालों ने पुलिस को नहीं दी। इसके बाद सोमवार की देर शाम पार्वती का शव गोरखपुर पहाड़ में पेड़ से लटका मिला। परिजनों ने थाने में दर्ज कराई शिकायत ललमटिया थाना प्रभारी रौशन कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए गोड्डा सदर अस्पताल भेजा गया है। मौत का असली कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा। फिलहाल, परिजनों की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज कराई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


