गोड्डा में सड़क हादसा, बाइक सवार की मौत:महागामा के सिमड़ा-मोहनपुर बायपास पर हाइवा ने मारी टक्कर, सड़क जाम

गोड्डा जिले के महागामा थाना क्षेत्र में सिमड़ा मोहनपुर-बायपास सड़क पर रवियाडीह के पास एक सड़क दुर्घटना में 35 वर्षीय सद्दाम अंसारी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान ललमटिया थाना अंतर्गत डहुआ निवासी सद्दाम अंसारी के रूप में हुई है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, सद्दाम अंसारी अपनी बाइक से मोहनपुर की ओर से तेतरिया स्थित अपने ससुराल जा रहे थे। रवियाडीह के पास पीछे से आ रहे कोयला लदे एक तेज रफ्तार हाइवा ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सद्दाम ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। सद्दाम अंसारी पिछले काफी समय से अपने ससुराल तेतरिया में रह रहे थे। उनके परिवार में दो बेटे और एक बेटी सहित तीन बच्चे हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचित किया। महागामा और ललमटिया पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। मृतक के भाई सिराज अंसारी ने बताया कि उनका भाई मोहनपुर की ओर से आ रहा था, तभी पीछे से आ रहे कोयला लदे हाइवा ने उन्हें टक्कर मार दी और उनके शरीर के ऊपरी हिस्से पर पहिया चढ़ गया, जिससे उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने कोयला ढोने वाले वाहनों के लिए अलग सड़क बनाने की मांग की है। घटना के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम कर मुआवजे की मांग की है। पूरे मामले पर महागामा थाना प्रभारी मनोज पाल ने बताया कि घटना में एक मौत हुआ है। मुआवजे के लिए सरकारी प्रक्रिया के मुताबिक जो होगा वो किया जाएगा। चालक, हाइवा लेकर मौके से फरार है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *