गोरमी के सुजानपुरा में फायरिंग से युवक घायल:हाथ में लगी गोली, क्रॉस केस के लिए थाने में अड़ा दूसरा पक्ष, खाली हाथ लौटा

भिंड के गोरमी थाना क्षेत्र के सुजानपुरा गांव में पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। खेत पर काम कर रहे एक युवक को गोली मार दी गई। वहीं, लाठी-कुल्हाड़ी चलने से दूसरे पक्ष के लोग भी घायल हुए हैं। मामला तब दिलचस्प हो गया, जब दूसरा पक्ष भी पुलिस पर हत्या के प्रयास (अटेम्प्ट टू मर्डर) का केस दर्ज करने का दबाव बनाने लगा। मेडिकल रिपोर्ट में गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई, तो पुलिस ने इनकार कर दिया। इस पर नाराज दूसरा पक्ष बिना एफआईआर दर्ज कराए ही थाने से लौट गया। खेत पर घेरकर मारी गोली पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्ष गुर्जर समाज के हैं। घायल रामबरन गुर्जर और उसका दोस्त सोच्छा खेत पर काम कर रहे थे। तभी आरोपी रामू, पंकज, दीपेंद्र, सुमित और एक अन्य वहां पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने फायरिंग कर दी। रामबरन के बाएं हाथ में गोली लगी, जबकि उसके दोस्त सोच्छा के पैर में चोट आई है। डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर रामबरन के हाथ से गोली निकाल दी है। सभी घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। मेडिकल में गोली की पुष्टि नहीं, तो नहीं लिखी रिपोर्ट मारपीट में दूसरे पक्ष के भारत और भूपेंद्र को भी चोटें आई हैं। वे पुलिस से विरोधी पक्ष पर हत्या के प्रयास की धारा में केस दर्ज करने की मांग कर रहे थे। उनका कहना था कि उन्हें भी गोली लगी है। मेडिकल रिपोर्ट में गोली की पुष्टि नहीं हुई। डॉक्टरों के मुताबिक, चोटें लाठी और कुल्हाड़ी की हैं। पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर ही धाराएं लगाने की बात कही, लेकिन वे हत्या के प्रयास की धारा लगवाने पर अड़े रहे। सहमति न बनने पर वे बिना मुकदमा दर्ज कराए ही चले गए। फिलहाल घायल रामबरन की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *