भास्कर न्यूज़ | जालंधर गोराया के पास हुए एक सड़क हादसे में ट्रक और एक्टिवा स्कूटी की टक्कर में एक मासूम बच्ची की मां के सामने ही मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला भी घायल हो गई। इस संबंध में सड़क सुरक्षा बल (एसएसएफ) के इंचार्ज सरबजीत सिंह ने बताया कि उन्हें एमडीटी डिवाइस के माध्यम से हादसे की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही एसएसएफ की टीम मौके पर पहुंची, जहां ट्रक और एक्टिवा स्कूटी के बीच टक्कर हुई थी। उन्होंने बताया कि एक्टिवा स्कूटी पर वंदना पत्नी राजीव अपने पुत्र आरूश और बेटी निताशा के साथ गांव पतारा (रामा मंडी) से लुधियाना जा रही थी। परिवार के अनुसार ट्रक चालक ने स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे स्कूटी असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई। इस दौरान निताशा पुत्री राजीव की मौके पर ही मौत हो गई और वंदना घायल हो गई। ट्रक और उसके चालक को पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस की मौजूदगी में बच्ची के शव को एंबुलेंस से सिविल अस्पताल फिल्लौर भेजा गया। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। हादसे में मासूम बच्ची की मौत के बाद विलाप करती मां।


