दुमका | पांच लाख की रंगदारी नहीं देने पर 30 नवंबर की देर रात राधिका होटल पर छह राउंड गोली चलाने के मामले में पुलिस ने दो भाई समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर गुरुवार को जेल भेज दिया है। जेल जाने वालों में किशोर यादव, उसका भाई बाबुल यादव, अनूप यादव, कौशल यादव और राजकुमार यादव शामिल हैं। अभी भी छह नामजद और नौ अज्ञात युवक फरार हैं। आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद भी पुलिस वारदात में प्रयुक्त पिस्टल बरामद नहीं कर सकी है। पुलिस ने उस स्कॉर्पियो को भी जब्त किया है जिसमें सभी लोग आए थे। गुरुवार को पुलिस सभागार में एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने बताया कि राधिका होटल के संचालक और आरोपितों के बीच पहले से कुछ विवाद चल रहा था। 30 नवंबर की देर शाम सभी आरोपित होटल में आए और छह राउंड हवाई फायरिंग की। होटल संचालक के बयान पर आठ नामजद और एक दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसडीपीओ विजय महतो के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया था। टीम लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। सीसीटीवी का फुटेज हाथ में आने के बाद पुलिस ने जामा और बिहार से सभी को आरोपियों की गिरफ्तारी की एसपी ने बताया कि अभी तक गोलीबारी में प्रयुक्त प्रयुक्त पिस्तौल बरामद नहीं हुआ है। फरार साथी लेकर भाग गए है। सभी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। किसी भी हाल में फरार आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा। उनकी तलाश में लगातार टीम लगी हुई है। बताया कि सभी आरोपी एक स्कॉर्पियो और अन्य बाइक से आए थे। जिप सदस्य की हत्या में जमानत पर है किशोर यादव भाजपा नेता सह जिला परिषद सदस्य भगवत राव की साल 16 में महुआ डंगाल में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना में किशोर यादव को आरोपी बनाया गया था। नगर थाना की पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी की थी। 2022 में अदालत ने उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। किशोर यादव हाई कोर्ट से जमानत पर है। इसके अलावा बाकी आरोपियों का कोई आपराधिक इतिहास नहीं है।


