गोलूवाला गुरुद्वारा विवाद, गोलक से चोरी का आरोप:विधायक गुरवीर बराड़ सहित कई पर आरोप, एसपी को सौंपा ज्ञापन

हनुमानगढ़ के गोलूवाला स्थित गुरुद्वारा मेहताबगढ़ साहिब विवाद में नया मोड़ आ गया है। मंगलवार को एक पक्ष ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गुरुद्वारे की गोलक से चोरी और राशि के गबन का आरोप लगाया। इस संबंध में परिवादी हरमीत कौर और सिख जत्थेबंदियों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन भी सौंपा। हरमीत कौर ने प्रेस वार्ता में आरोप लगाया कि सरकारी रिसीवर व्यवस्था लागू होने के बावजूद गुरुद्वारे की गोलक से संगत का पैसा योजनाबद्ध तरीके से बांटा जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि रिसीवर की नियुक्ति के बाद भी गुरुद्वारे की कमान उन आरोपियों के पास है, जिन पर पहले हमला करने का आरोप है। कौर के अनुसार गुरुद्वारे की गोलक पर चादर बिछाकर पैसे निकाले जा रहे हैं। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज और तस्वीरों का हवाला देते हुए कहा कि इनमें साफ दिख रहा है कि कुछ लोग गोलक पर चादर डालकर रुपयों से भरी थैलियां ले जा रहे हैं। हरमीत कौर ने इस पूरे घटनाक्रम में सादुलशहर विधायक गुरवीर बराड़ और अन्य लोगों के शामिल होने का आरोप लगाया। उन्होंने यह भी कहा कि इस राशि का एक हिस्सा जेल में बंद आरोपियों तक भी पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने पुलिस से मांग की कि गुरुद्वारा हाल की सीसीटीवी फुटेज को सुरक्षित रखा जाए, उसे डिलीट नहीं होने दिया जाए और फुटेज व तस्वीरों के आधार पर गोलक चोरी व गबन का अलग से मुकदमा दर्ज किया जाए। कौर ने मामले की निष्पक्ष जांच की अपील की ताकि गुरुद्वारे से राशि ले जाने पर रोक लग सके। इस मौके पर शिवचरण सिंह, सुखदेव सिंह, बलकरण सिंह, काला सिंह, बलदेव सिंह, निरंजन सिंह सहित कई लोग मौजूद थे। गौरतलब है कि गोलूवाला में गुरुद्वारा मेहताबगढ़ साहिब के प्रबंधन को लेकर विवाद काफी समय से चल रहा है, जिसके कारण अक्टूबर में स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *