मोहाली पुलिस और पंजाब एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स की हिरासत से भागने की कोशिश में गैंगस्टर मलकीयत उर्फ मैक्सी पुलिस की गोली से घायल हो गया। पुलिस उसे घग्गर नदी के किनारे छिपाए हथियार की बरामदगी के लिए लेकर गई थी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके बाएं घुटने के नीचे लगी है, जो डेराबस्सी अस्पताल में भर्ती है। आरोपी से 1 पिस्तौल और 3 कारतूस बरामद हुए हैं। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि गैंगस्टर मैक्सी (33) गांव रोडाला जिला अमृतसर का रहने वाला है। वह आतंकी गोल्डी बराड़ और गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों के लिए वसूली रैकेट चला रहा था। हाल ही में पटियाला पुलिस ने उसे आर्म्स एक्ट में गिरफ्तार किया था। जनवरी में उसने संदीप उर्फ दीप के साथ मिलकर मोहाली के प्रॉपर्टी डीलर से 50 लाख फिरौती मांगी थी।


