पुरानी टोंक थाना क्षेत्र में बीएसएनएल ऑफिस के पास मिले गोवंश के अवशेष को लेकर पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। इस गोवंश की हत्या नहीं की गई थी। इसकी 6 मार्च को बीमारी के चलते मौत हुई थी। इसका मालिक मोहल्ला बंबोर गेट पुरानी निवासी कुलदीप पुत्र मांगीलाल गुर्जर है। बछड़े के मरने के बाद मालिक ने सफेद कट्टे में रखकर बीएसएनएल ऑफिस के पास बाउंड्री वाल के अंदर फेंका था। उसके अवशेषों को कुत्ते नोंचते हुए बाउंड्री वाल के बाहर ले आए। इसे देखकर कुछ लोगों ने गोवंश की हत्या का आरोप लगाकर हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग की थी। हत्या के शक में जमकर विरोध प्रदर्शन भी किया था। गुस्साए लोगों ने घंटाघर चौराहे पर गोसेवक समेत बीजेपी नेताओं को साथ लिया और गोवंश के अवशेषों को लेकर धरने पर बैठ गए। उसके बाद कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया था। जहां SP आए तो इन लोगों ने उन्हें ज्ञापन दिया था, जिस पर एसपी ने उन्हें आश्वासन दिया। कहा था मामले का जल्द खुलासा कर एक्शन लिया जाएगा।


