नत्थूसर बास में गोवंश के साथ कुकर्म करने का मामला सामने आया है। इसका वीडियो वायरल होने पर गौ भक्त भड़क उठे और नया शहर थाने को घेर लिया। आरोपी को देर रात गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी भाजपा नेता का पुत्र बताया जा रहा है। गौ वंश के साथ कुकर्म करने का एक लड़के का वीडियो सोशल मीडिया पर बुधवार को वायरल हो गया। घटना कुछ ही दिन पहले की बताई जा रही है। बुधवार को वीडियो वायरल होने पर गौ भक्तों में रोष फैल गया। पुलिस ने कुछ ही देर में लड़के को डिटेन कर लिया। धीरे-धीरे नयाशहर थाने पर भीड़ जुटने लगी। काफी लोग थाने में घुस गए और आरोपी को सौंपने की मांग करने लगे। लोगों का कहना था कि इस अपराध के लिए उसका सिर मुंडवाकर शहर में घुमाया जाएगा। इस पर सीओ सिटी श्रवणदास और एसएचओ से काफी देर तक उनकी गर्मा-गर्मी होती रही। भीड़ बढ़ते देख पुलिस ने लाठियां उठाई तो भगदड़ मच गई। भीड़ ने थाने के बाहर धरना दे दिया। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। सीओ सिटी श्रवणदास ने बताया कि परिवादी वीरेंद्र सिंह की रिपोर्ट पर 19 वर्षीय ललित ओझा पुत्र इंद्रमल ओझा के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम और धार्मिक भावनाएं भड़काने का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी पहले भी ऐसा कृत्य कर चुका है।


