झुमरीतिलैया|झुमरी तिलैया के साहू धर्मशाला में अभिभावक संघ की बैठक हुई। इसमें 29 मार्च को कोडरमा समाहरणालय के पास निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ धरना देने का फैसला लिया गया। संघ ने जिले के सभी जागरूक अभिभावकों से अधिक संख्या में पहुंचकर धरना सफल बनाने की अपील की। बैठक में संरक्षक नरेंद्र सिंह चंदेल, रामप्रसाद सिंह, संघ अध्यक्ष संजय साजन, सचिव भानु प्रताप सिंह, अली हेदर बंटी, अंकित कुमार यादव, विशाल यादव, मनोज सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे। पत्थलगडा | गोस्वामी कल्याण फाउंडेशन भारत की जिला स्तरीय बैठक आगामी 30 मार्च को प्रसिद्ध पर्यटन स्थल इटखोरी के भद्रकाली में आयोजित की गई है। बैठक में जिला स्तरीय सम्मेलन और सांगठनिक मजबूती पर चर्चा की जाएगी। फाउंडेशन के अनुपम गिरी ने बताया कि बैठक में गोस्वामी समाज के सभी पदाधिकारी और सदस्य भाग लेंगे। समारोह में गोस्वामी कल्याण फाउंडेशन के केंद्रीय एवं राज्य के पदाधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। गिद्धौर| थाना क्षेत्र के दुआरी स्थित नीम चौक के समीप गुरुवार को हाइवा वाहन ने खड़े बाइक में टक्कर मार दी।जिससे बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। बताया गया कि बाइक चालक अपने रिश्तेदार के यहां दुआरी गांव के रामा राणा के घर आ रहा था।इसी क्रम में वह निम चौक के समीप अपनी बाइक को खड़ा कर अपने एक परिचित से बात कर रहा था।इसी दौरान हाइवा वाहन एक अन्य वाहन को पीछे कर रहा था।इसी बीच हाइवा ने खड़े बाइक में टक्कर मार दिया। हाइवा वाहन दुआरी गांव के राजेश यादव का बताया जा रहा है।हाइवा वाहन कटकमसांडी से कोयला डंप कर अपना गांव दुवारी आ रहा था। कोडरमा| महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र हजारीबाग ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रबंध निदेशक, जिडको, राँची के प्राप्त मार्गदर्शन पर एमएसएमई इकाइयों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 29 मार्च को पूर्वाह्न 10:30 बजे से अपराह्न 3 बजे तक जिला उद्योग केन्द्र के कार्यालय में निःशुल्क उद्यम पंजीकरण का लेकर एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें उद्यमियों का उद्यम निबंधन किया जाएगा। कोडरमा जिला के सभी उद्यमी/व्यवसायी निर्धारित तिथि को आयोजित जागरूकता शिविर में अपने उद्यम/ इकाई के निबंधन को लेकर आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक, आधार लिंक्ड मोबाइल नम्बर के साथ भाग लेंगे।


