कुशलगढ़ उपखंड क्षेत्र में पिछले दिनों गोवंश की हत्या पर पुलिस कार्रवाई के दौरान भागे दो आरोपियों को कसारवाड़ी पुलिस ने शनिवार को पड़ोसी राज्य गुजरात से गिरफ्तार किया। थानाधिकारी नरेंद्रसिंह शक्तावत ने बताया कि जालिमपुरा पंचायत अंतर्गत गोयका बारिया गांव में 20 फरवरी की रात पुलिस की दबिश के दौरान गोकशी के बाद आरोपी भाग निकले थे। मौके से एक आरोपी रहेश पुत्र जेमा हाथ आया। उससे पूछताछ कर शुक्रवार को जेल भेजने के बाद पुलिस ने अन्य आरोपियों की तलाश की। मुखबिर से पता चला कि आरोपी गुजरात की तरफ भाग गए है। इस पर टीम भेजकर शनिवार को मुख्य आरोपी जेमा पुत्र केरहिंग बारिया और उसके एक साथी रामसिंह पुत्र हीरा बारिया की धरपकड़ में कामयाबी हासिल की। ये दोनों आरोपी भी गोयका बारिया गांव के हैं। कार्रवाई दल में एएसआई धर्मेंद्रसिंह, हैड कॉन्स्टेबल दिव्यजीत सिंह, शांतिलाल, बदामीलाल के अलावा कॉन्स्टेबल मदनलाल, दिनेशचन्द्र, जनक और कांतिलाल शामिल रहे।


