धौलपुर की मानव तस्कर निरोधी यूनिट और समाजसेवी संस्था ने निहालगंज थाना क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई कर एक नाबालिग बच्चे को बालश्रम से मुक्त कराया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि निहालगंज थाना क्षेत्र में ओंड़ेला रोड पर एक डेंटिंग पेंटिंग की दुकान पर नाबालिग से बेल्डिंग जैसा खतरनाक बाल श्रम जा रहा है। सूचना पर बाल श्रम करते हुए एक बच्चे को मुक्त कराया है। मानव तस्कर निरोधी यूनिट को सूचना मिली थी कि एक 15 वर्षीय बालक से ओंड़ेला रोड पर एक डेंटिंग पेंटिंग की दुकान पर बाल श्रम कराया जा रहा है। सूचना पर यूनिट के हेड कॉन्स्टेबल अजब सिंह और योगेंद्र सिंह पुलिस को लेकर मौके पर पहुंचे, जहां उन्हें दुकान पर बाल श्रम करते हुए बच्चा मिला। जिसे डिटेन करने के बाद पुलिस ने उसे बाल कल्याण समिति की समक्ष पेश किया। मानव तस्करी यूनिट और एक समाजसेवी संस्था के सहयोग से की गई कार्रवाई के बाद मौके से फरार हुए दुकान मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दुकान मालिक बच्चे से मजदूरी करने के एवज में 150 रुपए प्रतिदिन देता था। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस मौके से फरार दुकान मालिक की तलाश कर रही है।


