प्रशासनिक रिपोर्टर | भिलाई नगर निगम भिलाई के आयुक्त राजीव कुमार पांडेय ने एक आदेश जारी किया है, जिसके तहत अब रोज अधिकारियों को गौठान पहुंचकर गो वंश की सेवा करना होगी। साथ ही वे गौठान में गो वंश के लिए चारा-पानी, इलाज जैसे जरूरी सुविधाओं की जांच करेंगे और देखरेख भी करेंगे। उनके लिए मूलभूत जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराएंगे। आदेश के तहत आयुक्त ने सातों दिन अलग-अलग अधिकारियों की बाकायदा ड्यूटी लगा दी है ताकि गो वंश सेवा नियमिति रूप से हो सके। कोई अधिकारी गड़बड़ी व लापरवाही न करे, इसके लिए अफसरों को गो सेवा करते हुए जीयो टैगिंग कर फोटो भी खींचकर भेजना होगी। अधिकारी निगम के वाट्सएप ग्रुप पर फोटो डालेंगे। आदेश के तहत सोमवार को जोन-1 आयुक्त अजय राजपूत, मंगलवार को कार्यपालन अभियंता संजय अग्रवाल, बुधवार को सहायक अभियंता फत्तेलाल साहू, गुरुवार को उप अभियंता रीमा हुमाने, शुक्रवार को उप अभियंता बसंत साहू, शनिवार को नोडल अधिकारी विनय शर्मा और रविवार को स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली गो सेवा और स्थल निरीक्षण करेंगे। इतना ही अधिकारी नियमित रूप से जिम्मेदारी निभा रहे हैं या नहीं इसकी जांच करने जोन-4 के आयुक्त अमरनाथ दुबे को जिम्मेदारी दी गई है। वे किसी भी समय आकस्मिक निरीक्षण करने गौठान पहुंचेंगे और यहां की व्यवस्था सही है या नहीं इसकी जानकारी लेकर सीधे आयुक्त को रिपोट करेंगे। सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे जब भी गौ सेवा करने गौठान जाएंगे, यहां का निरीक्षण करेंगे तो क्या खामी है समस्या है। क्या बेहतर काम किया जा सकता है। इससे संबंधित गौठान के रजिस्टर्ड में टीप लिखेंगे। फिर निगम व्यवस्था बनाएगा।


