आठनेर में गौमांस मामले में आठनेर प्रशासन ने शनिवार को आरोपी के मकान पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। नायब तहसीलदार और पुलिस की मौजूदगी में आरोपी के मकान के कुछ हिस्से को हथौड़े से तोड़ा गया। दो दिन पहले हिंदू सेवा के कार्यकर्ताओं की सूचना पर पुलिस ने इसी मकान से गौमांस जैसी सामग्री बरामद की थी। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया था और बरामद मांस को जांच के लिए मथुरा स्थित लैब भेजा गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस स्थान पर वर्षों से अवैध स्लॉटर हाउस चल रहा था। हिंदू संगठनों ने इस घटना के विरोध में प्रदर्शन किया और बाजार बंद भी करवाया था। नगरवासी और हिंदू संगठन मकान पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। नायब तहसीलदार यशवंत गिन्नारे ने बताया कि जगह की कमी के कारण जेसीबी मशीन नहीं पहुंच पाई, इसलिए हथौड़े से ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। प्रशासन की यह कार्रवाई जारी रहेगी।


