गौरव सेनानी विकास समिति, राजस्थान चीता मेहरात (काठात) महासभा अध्यक्ष कर्नल मोहम्मद सलीम के सान्निध्य में मगरा के गौरव सेनानियों ने 10वां सशस्त्र सेना भूतपूर्व सैनिक दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया। छापरों का बाडिया स्थित नव निर्मित गौरव सेनानी विकास समिति के कार्यालय और गौरव सेनानियों द्वारा निर्मित लघु उद्योग वर्कशॉप का भी उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों ने भाग लिया। अध्यक्ष कर्नल सलीम ने कहा कि समिति आत्मनिर्भर भारत के तहत कौशल विकास पर भी जोर दे रही है। साथ ही गरीब बच्चों के लिए पढ़ाई का इंतजाम और प्रतिभाशाली बच्चों को सेना में भर्ती हेतु मुफ्त प्रशिक्षण भी समिति की ओर से प्रदान करने की योजना है। कार्यक्रम को कैप्टन फैयाज चीता, वाजिद चीता, निजाम चीता सहित अन्यों ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान गौरव सेनानियों द्वारा निर्मित लघु उद्योग वर्कशॉप का भी उद्घाटन किया गया। डेढ़ बीघा जमीन पर 10 हजार स्क्वायर फीट का भव्य भवन तैयार किया गया है। इस वर्क शॉप में घरेलू उत्पादों सर्फ, डिटर्जेंट, फिनाइल, हैंड वाश आदि उत्पाद तैयार किए जाएंगे। आमजन को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण उत्पादों को कम दाम पर पहुंचाने का कार्य पूर्व सैनिकों द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान कैप्टन छोटू, अलीम, शौकीन, कैप्टन प्रकाश, कैप्टन मिठू, हाजी रमजान आदि मौजूद थे।


