गौरेला जनपद पंचायत के त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में महिलाओं ने अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। रिटर्निंग ऑफिसर शेष नारायण जायसवाल द्वारा जारी किए गए परिणामों में कुल 51 ग्राम पंचायतों में से 31 में महिला उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है। विजयी प्रत्याशियों में धनौली से पूजा कोल, गांगपुर से राधा बाई कोर्चे, झगराखाड़ से सावित्री मरावी और तेन्दुमुडा से तोषमती खुसरो जैसी महिला नेतृत्वकर्ता शामिल हैं। बगरा से रामेश्वरी पैकरा, कोटमीखुर्द से सुमित्रा वाकरे और हर्री से श्यामवती मसराम ने भी सरपंच पद पर कब्जा जमाया है। बाकी सीटों पर पुरुष प्रत्याशी जीते पुरुष प्रत्याशियों में बेलपत से इद्राज सिंह पैकरा, डुगरा से शिव प्रसाद, जोगीसार से गौतम प्रसाद भानु और करगीखुर्द से सत्यनारायण लकड़ा प्रमुख विजेता रहे। लमना से मोहर सिंह, दौंजरा से श्याम सिंह पोर्ते और गिरवर से दुइजी भरिया ने भी जीत दर्ज की। महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण यह परिणाम स्थानीय स्तर पर महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। नवनिर्वाचित महिला सरपंचों से अपने-अपने क्षेत्रों के विकास में महत्वपूर्ण योगदान की अपेक्षा की जा रही है।


