गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में EVM और मतगणना का प्रशिक्षण:कलेक्टर ने दिए निष्पक्षता के निर्देश, बोले- पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न हो चुनाव

गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में नगरीय निकाय चुनावों की तैयारियां जोरों पर हैं। 11 फरवरी को होने वाले मतदान और 15 फरवरी को होने वाली मतगणना के मद्देनजर कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पेंड्रा में आयोजित इस प्रशिक्षण में दो सत्र हुए। पहले सत्र में ईवीएम कमिशनिंग की प्रक्रिया समझाई गई, जिसमें सिलिंग, एड्रेस टैग, चपड़ा लगाने, उम्मीदवार सेटिंग, वार्ड और बूथ नंबर की प्रविष्टि जैसी तकनीकी जानकारियां दी गईं। दूसरे सत्र में मतगणना की विस्तार से प्रक्रिया पर प्रशिक्षण दिया गया। कलेक्टर मंडावी ने प्रशिक्षण में मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान और मतगणना की प्रक्रिया पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ संपन्न की जाए। मास्टर ट्रेनर अंबुज मिश्रा और उनकी टीम ने मतगणना के दौरान कंट्रोल यूनिट की जांच, मतपत्र लेखा और मशीन डेटा का मिलान, कुल वोट, वैध वोट और अन्य तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी। प्रशिक्षण में उप जिला निर्वाचन अधिकारी ऋचा चंद्राकर, तीनों नगर निकायों के रिटर्निंग ऑफिसर नम्रता आनंद डोंगरे, अमित बेक और प्रफुल्ल रजक सहित सभी सेक्टर अधिकारी, मतगणना पर्यवेक्षक और सहायक उपस्थित रहे। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने की तैयारियां की जा रही हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *