गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामेश्वर शर्मा ने लू से बचाव के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। प्रदेश में बढ़ते तापमान को देखते हुए उन्होंने लोगों से सावधान रहने की अपील की है। स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी के अनुसार, घर से निकलने से पहले पर्याप्त पानी पीना जरूरी है। सूती और ढीले कपड़े पहनें। धूप में सिर को टोपी या छतरी से ढंककर रखें। पानी, छाछ, ओआरएस घोल या लस्सी, नींबू पानी, आम का पना जैसे पेय पदार्थों का सेवन करें। लू से बचने के लिए खाली पेट धूप में न निकलें। शरीर में पानी की कमी न होने दें। मिर्च-मसाले वाला और बासी भोजन न खाएं। एसी या कूलर से सीधे धूप में न जाएं। अनावश्यक रूप से धूप में निकलने से बचें। लू के प्रमुख लक्षणों में सिरदर्द, बुखार, उल्टी, अत्यधिक पसीना आना और बेहोशी शामिल हैं। साथ ही कमजोरी, शरीर में ऐंठन और नब्ज का असामान्य होना भी लू के संकेत हैं। लू से प्रभावित व्यक्ति को तुरंत छायादार स्थान पर ले जाएं। उसके कपड़े ढीले करें और पेय पदार्थ पिलाएं। शरीर का तापमान कम करने के लिए ठंडे पानी की पट्टियां रखें। गंभीर स्थिति में तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर चिकित्सक से परामर्श लें।


