गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के गौरेला विकासखंड में सुशासन तिहार के तीसरे चरण का पहला समाधान शिविर आयोजित किया गया। यह शिविर वनांचल क्षेत्र के कलस्टर ग्राम पंचायत बस्ती में लगाया गया। कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी, जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा और जनपद अध्यक्ष गौरेला शिवनाथ बघेल की मौजूदगी में कार्यक्रम हुआ। शिविर में सभी विभागों के जिला, अनुविभाग और खंडस्तरीय अधिकारी अपने विभागीय स्टाल के साथ मौजूद रहे। कलेक्टर मंडावी ने बताया कि सुशासन तिहार तीन चरणों में मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और हितग्राहियों को लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि 25 फौती से जुड़े आवेदनों का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। इश्तेहार प्रकाशन के बाद इनका निराकरण होगा। आवास के लिए चल रहा है सर्वे बकरी पालन और मुर्गी पालन के लिए पात्र लोगों को लाभान्वित किया जाएगा। आवास के लिए सर्वे चल रहा है। सीसी रोड, सड़क और पुलिया के कार्यों को जिले की कार्य योजना में शामिल किया जा रहा है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य ने कहा कि आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जा रहा है। शिविर में कोई भी हितग्राही निराकरण से असंतुष्ट नहीं मिला। कार्यक्रम में एसडीएम पेण्ड्रारोड ऋचा चंद्राकर, जिला पंचायत सदस्य पवन पैकरा, सभी पंचायतों के सरपंच और कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।


