गौरेला के खैरमाई चौक में एक युवती से मोबाइल लूट की वारदात सामने आई है। पीड़िता कुमारी रिया साहू ने गौरेला थाने में अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। यह पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। रिया साहू भारतीय स्टेट बैंक पेंड्रारोड के पास स्थित सीएससी सेंटर में काम करती है। घटना मंगलवार शाम लगभग 7 बजे की है, जब वह काम खत्म कर अपने घर लौट रही थीं। वह अपनी सहेली से मोबाइल पर बात करते हुए पैदल जा रही थीं। थाने में दर्ज कराई शिकायत जैसे ही वह पुराना गौरेला अमरकंटक रोड स्थित मदीना मस्जिद के पास पहुंचीं, तभी बाइक पर सवार दो अज्ञात युवक अचानक उनके पास आए। उन्होंने रिया के हाथ से उनका मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गए। मोबाइल में जियो कंपनी का सिम लगा हुआ था, जिसका आईएमईआई नंबर भी शिकायत में दर्ज है। CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस घटना के तुरंत बाद, पीड़िता ने गौरेला थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।


