बठिंडा जिले में आम आदमी पार्टी (AAP) की महिला विंग की पूर्व जिला अध्यक्ष और मौजूदा सरपंच सतवीर कौर के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया गया है। उन पर नौकरी दिलाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। विजिलेंस ब्यूरो ने सतवीर कौर को जांच में शामिल होने के लिए नोटिस भेजा है। आरोप है कि उन्होंने शिकायत कर्ता को आउटसोर्सिंग पर ड्राईवर की नौकरी लगवाई थी, इसके लिए प्रतिमाह रुपए लेती थीं। पैसा न देने पर नौकरी से निकलवा दिया। विजिलेंस इंस्पेक्टर राजनदीप कौर ने बताया कि यदि वह जांच में शामिल नहीं होती हैं तो उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। आरोप के बाद पार्टी से पद से हटाया यह मामला जतिंदर सिंह नामक एक युवक की शिकायत पर दर्ज किया गया है। जतिंदर सिंह ने विजिलेंस में शिकायत दी थी, जिसमें उन्होंने तत्कालीन AAP महिला विंग की जिला अध्यक्ष सतवीर कौर (जो अब कालझरानी की सरपंच हैं) और एक राज्य स्तरीय चेयरमैन पर गंभीर आरोप लगाए थे। बाद में सतवीर कौर को महिला विंग के अध्यक्ष पद से हटा दिया गया था। आउटसोर्सिंग पर ड्राइवर लगवाया था इंस्पेक्टर राजनदीप कौर ने पुष्टि की कि सतवीर कौर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7-A के तहत केस दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता जतिंदर सिंह ने नौकरी के लिए सतवीर कौर से संपर्क किया था। सतवीर कौर ने 24 जुलाई 2023 को पंजाब एक्स-सर्विसमैन कॉर्पोरेशन के माध्यम से पंजाब स्टेट फॉरेस्ट डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन में आउटसोर्सिंग स्कीम के तहत उसे ड्राइवर के तौर पर भर्ती करवाया था। जब पैसे देने से इनकार किया तो नौकरी से निकालवाया आरोप है कि सतवीर कौर ने जतिंदर सिंह से हर महीने 10,000 रुपए की रिश्वत मांगी थी, जो बाद में 8,500 रुपए प्रति माह पर तय हुई। जब जतिंदर सिंह ने पैसे देने से इनकार कर दिया, तो उसे नौकरी से निकाल दिया गया। इस दौरान जतिंदर सिंह ने सैलरी से रिश्वत मांगने से संबंधित ऑडियो और वीडियो सबूत के तौर पर रिकॉर्ड कर लिए थे, जिनके आधार पर यह केस दर्ज किया गया है। इंस्पेक्टर राजनदीप कौर ने यह भी बताया कि इस मामले में पंजाब वन विभाग के चेयरमैन की भूमिका की भी जांच की जा रही है। यदि जांच में उनकी संलिप्तता सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।


