गौवंश की करंट से मौत, गौसेवकों ने किया प्रदर्शन:बिरला फैक्ट्री पर लापरवाही का आरोप, ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग

सतना शहर के वार्ड नंबर 12 स्थित बदख़र इलाके में बिरला फैक्ट्री की बाउंड्री में दौड़ रहे करंट की चपेट में आने से एक गौवंश की मौत हो गई। यह हादसा मंगलवार देर रात हुआ, जिसके बाद इलाके में गुस्सा फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और गौसेवक मौके पर पहुंचे और पूरी रात धरने पर बैठ गए। गौसेवकों का आरोप है कि हादसे के काफी देर बाद तक भी फैक्ट्री की बाउंड्री में लगी कंटीली तार में करंट बना रहा, जिससे अन्य पशुओं और लोगों की जान को भी खतरा बना हुआ था। जिम्मेदारी से बचता दिखा फैक्ट्री प्रबंधन सूचना मिलने पर बिरला फैक्ट्री के अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन उन्होंने इसे मध्य प्रदेश विद्युत बोर्ड (एमपीईबी) का मामला बताकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया और वहां से चले गए। अधिकारियों के इस रवैये से नाराज गौसेवकों ने जमकर नारेबाजी की। सुबह जांच में भी तार में मिला करंट बुधवार सुबह करीब 11 बजे बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान बाउंड्री में लिपटी कंटीली तार में करंट पाया गया। इसके बाद बिजली आपूर्ति बंद कर समस्या को ठीक किया गया। एसडीएम ने दिए तार हटाने के निर्देश इसी दौरान एसडीएम सिटी राहुल सिलाडिया भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने फोन पर बिरला सीमेंट प्रबंधन से बात कर बाउंड्री में फैली कंटीली तार को हटाने के निर्देश दिए। इसके बाद तार हटाने का काम शुरू किया गया। गौसेवकों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोहराई गई और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे बिरला फैक्ट्री के गेट पर बैठकर उग्र आंदोलन करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *