टीकमगढ़ में एक अधेड़ व्यक्ति का राहगीरों से मारपीट का मामला सामने आया है। एक अधेड़ व्यक्ति ने सड़क पर डंडे से लोगों के साथ सरेआम मारपीट की। घटना मंगलवार रात की है, जिसका वीडियो बुधवार को सामने आया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि लोग डर के मारे इधर-उधर भाग रहे हैं। कोई भी व्यक्ति मारपीट करने वाले को पकड़ने की कोशिश करता नजर नहीं आ रहा है। स्थानीय दुकानदारों के अनुसार, मारपीट के बाद आरोपी व्यक्ति स्टेशन की ओर चला गया। फिलहाल उसकी पहचान और गंतव्य के बारे में कोई जानकारी नहीं है। यह घटना अस्पताल चौराहा से कलेक्ट्रेट रोड के बीच हुई। आरोपी का पता लगाने में जुटी पुलिस कोतवाली थाना प्रभारी बृजेंद्र सिंह घोष ने बताया कि वीडियो के आधार पर आसपास के दुकानदारों से पूछताछ की जा रही है। इस मामले में अब तक किसी भी व्यक्ति ने थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई है। पुलिस वीडियो की मदद से आरोपी का पता लगाने और पूरे मामले की जांच में जुटी है।


