जांजगीर| छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग, रायपुर द्वारा छत्तीसगढ़ शासन के मार्गदर्शन में ‘गौ ग्राम जन जागरण यात्रा’ का आयोजन किया जा रहा है। इस यात्रा का उद्देश्य गाय की महत्ता को जन-जन तक पहुंचाना, आम जनता को गौ सेवा के लिए प्रेरित करना और गो उत्पादों सहित गो आधारित पारंपरिक कृषि को पुनर्जीवित करना है। इस अभियान के तहत राज्य के 5000 गांवों तक पहुंचने का संकल्प लिया गया है। इसी क्रम में गौशाला सेवा समिति, ग्राम सोंठी (कुष्ठ रोग निवारण आश्रम) द्वारा सात दिवसीय गौ ग्राम जन जागरण यात्रा का आयोजन किया गया है। यह यात्रा बम्हनीडी, नवागढ़ क्षेत्र से होते हुए शिवरीनारायण और पामगढ़ क्षेत्र से होकर हथनेवरा में संपन्न होगी। सोमवार की सुबह यात्रा मेहंदी धाम हनुमान मंदिर पहुंची, जहां भाजपा जिलाध्यक्ष अंबेश जांगड़े, मेहंदी धाम के महंत लखनलाल दास और अन्य उपस्थित लोगों ने वाहन रूपी रथ में स्थापित गौमाता की प्रतिमा की पूजा-अर्चना की। इसके बाद यात्रा में शामिल साधु-संतों और गौसेवकों का स्वागत और अभिनंदन किया गया। सभी को भोजन भी कराया गया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अंबेश जांगड़े, विकास शर्मा, जनपद पंचायत अध्यक्ष रंजना मानेश जांगड़े, नगर पंचायत खरौद अध्यक्ष गोविंद यादव, शरद चंद शर्मा, चंद्रवती सोनी, धीरेन्द्र नाथ योगी, सुभाष पटेल, ऋषभ नाथ योगी, गोलू अग्रवाल, सतीश पटेल, अमित कुमार अनंत, अनमोल योगी, गौरव तिवारी, शुशांक शर्मा, रमेश कुमार कश्यप सहित स्थानीय जन उपस्थित रहे।


