पेण्ड्रा | छत्तीसगढ़ राज्य गौ संरक्षण व संवर्धन समिति रायपुर द्वारा आयोजित गौ विज्ञान परीक्षा का जिले में व्यापक स्तर पर आयोजन किया गया। जिले के कुल 221 परीक्षा केंद्रों में इस परीक्षा का सफल क्रियान्वयन किया गया। परीक्षा का मुख्य उद्देश्य जनसामान्य को गोवंश के महत्व, पर्यावरण में उसकी भूमिका और पंचगव्य के वैज्ञानिक पहलुओं के प्रति जागरूक करना है। गौ विज्ञान परीक्षा माध्यमिक, उच्च माध्यमिक व महाविद्यालय स्तर पर आयोजित की गई। इसे गौ सेवा संकल्प दिवस के रूप में मनाया गया, जिसमें विद्यार्थियों को गौवंश से ही होगा पंच परिवर्तन विषय पर प्रबोधन दिया गया और गौ सेवा की प्रतिज्ञा भी कराई गई। इस परीक्षा के लिए जिले में 41 हजार 840 विद्यार्थियों का पंजीयन किया गया था, जबकि बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने परीक्षा में भाग लिया। प्रथम चरण में चयनित विद्यार्थी फरवरी माह में मुख्यालय केंद्रों पर होने वाली द्वितीय चरण की परीक्षा में शामिल होंगे। इसके बाद चयनित छात्र अप्रैल माह में रायपुर में आयोजित तृतीय चरण की परीक्षा में भाग लेंगे। प्रदेश स्तर पर विजेताओं को क्रमशः 51 हजार, 31 हजार व 11 हजार रुपए नगद पुरस्कार दिए जाएंगे। साथ ही जिला एवं संस्था स्तर पर भी पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इस परीक्षा के माध्यम से गौ आधारित खेती, पंचगव्य के महत्व, शाक वाटिका निर्माण और गौवंश संरक्षण का संदेश दिया गया। सभी विद्यार्थियों को गौ विज्ञान ग्रंथ उपलब्ध कराया गया है। परीक्षा को सफल बनाने में जिला अध्यक्ष रामजी श्रीवास, जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी, जिला संयोजक प्रमोद शर्मा ने सहयोग किया।


