उदयपुर शहर में आज एक अपार्टमेंट में एक महिला करीब ढाई घंटे तक लिफ्ट में फंसी रही। लिफ्ट ऊपर के माले से नीचे आ रही थी और एकाएक तेज स्पीड से रिवर्स चल पड़ी और एक दीवार से टकराई। महिला को करीब ढाई घंटे बाद बाहर निकाला गया और वह भी ड्रिल मशीन से दीवार को तोड़कर। घटना आज सवेरे की उदयपुर शहर के न्यू आरटीओ कार्यालय के सामने स्थित अमर विलास अपार्टमेंट की है। पांचवे माला (ग्राउंड से गिनने पर छठा) पर रहने वाली भाग्यश्री का बेटा स्कूल आईकार्ड भूल गया तो वापस नीचे देने के लिए लिफ्ट से जा रही थी। करीब 8.20 बजे वह अकेली थी और ग्राउंड प्रेस किया। वह बताती है कि नीचे चली लिफ्ट एकाएक तेज स्पीड से ऊपर की तरफ चली गई और दीवार से जाकर टकराई। टकराने के साथ ही लिफ्ट की लाइट, डस्ट और अन्य सामान टूटकर उस पर गिरे। महिला ने अंदर से आवाज लगाई लेकिन किसी ने नहीं सुनाई। असल में सातवां माला जो अपार्टमेंट की छत है वहां जाकर दीवार से लिफ्ट टकराई तो वहां कोई नहीं था। महिला के शोर के बीच कुछ समय बाद छठे माला पर एक कामवाली बाई गुजर रही तो उसको आवाज सुनाई दी। बाद में उसने वहां जो मौजूद थे उनको बताया। इस बीच भीड़ जमा हो गई लेकिन यह पता नहीं चल रहा था कि महिला किस जगह है। धीरे-धीरे पता चला कि महिला ऊपर की तरफ है। बाद में आनन फानन में लोग छत पर गए और देखा की वहां तो देखना का कुछ है नहीं क्योंकि दीवार ही है। बाद में ड्रिल मशीन मंगाई और महिला की आवाज के आधार पर धीरे-धीरे खुदाई कर एक छेद किया तो हवा उन तक पहुंचे। महिला ने भी प्रयास किया और गेट को खींचा भी थोड़ा खुला लेकिन सामने दीवार थी। जैसे ही दीवार को तोड़ा गया तब बाहर से लोगों ने और अंदर से महिला ने गेट खींचा तब जाकर करीब साढ़े दस बजे महिला को सुरक्षित बाहर निकाला गया।


