विजयराघवगढ़ तहसील के घुनौर गांव में मंगलवार दोपहर तेंदुए के हमले में 10 वर्ष के बालक की मौत हो गई। दोपहर करीब 12 बजे तेंदुआ बच्चे को जबड़े में दबोचकर जंगल की ओर ले गया। करीब एक घंटे की तलाश के बाद बालक का क्षत-विक्षत शव झाड़ियों में मिला। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, राज पिता देशराज कोल (10) गांव के बगीचे में खेल रही अपनी छोटी बहन को बुलाने गया था। उसी दौरान वहां तेंदुआ एक गाय का शिकार कर रहा था। बच्चे की आवाज से तेंदुआ भड़क गया और मृत गाय को छोड़कर राज पर झपट पड़ा। तेंदुआ बच्चे को मुंह में दबोचकर जंगल की ओर भाग गया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन उनकी आंखों के सामने ही तेंदुआ जंगल में ओझल हो गया। दादा-दादी के साथ रहता था राज घटना की सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई। वन विभाग की टीम और ग्रामीणों ने जंगल में सर्च ऑपरेशन चलाया। करीब एक घंटे बाद बच्चे का शव झाड़ियों के बीच मिला। बताया गया है कि मृतक के माता-पिता मजदूरी के लिए एक सप्ताह पहले भोपाल गए हुए थे। राज अपने दादा-दादी के साथ गांव में रहता था। परिवार में दो बहनें हैं, जिनकी उम्र 8 और 13 वर्ष बताई गई है।


