राजा महाकाल की नगरी उज्जैन के लिए साल 2025 आस्था, उत्सव और चुनौतियों का मिलाजुला दस्तावेज रहा। पूरे वर्ष शहर महाकालमय वातावरण में डूबा रहा। कहीं भव्य विवाह समारोहों की रौनक दिखी, तो कहीं हादसों और अप्रत्याशित घटनाओं ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। अब जब साल 2025 विदा ले रहा है और उज्जैन 2026 के स्वागत को तैयार है, तो यह बीता वर्ष अपने साथ कई यादें, कई सवाल और कुछ गहरे जख्म भी छोड़ गया। महीने-दर-महीने शहर में ऐसी अनेक घटनाएं हुईं, जिन्होंने सुर्खियां बटोरीं और उज्जैन की तस्वीर को नए सिरे से गढ़ा। इसी साल उज्जैन में भगवान महाकाल की भव्य सवारी निकाली गई जिसमें हेलिकॉप्टर से फूल बरसाए गए। वहीं मध्यप्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव ने भी अपने बेटे की शादी यहीं से एक सामूहिक सम्मेलन में की। इसी क्रम में हम आपको कराते हैं 2025 की हर महीने की एक बड़ी और अहम खबर का रीकॉल, ताकि एक नजर में समझा जा सके कि पूरे साल उज्जैन किन-किन घटनाओं का साक्षी बना। MP के सीएम बोले- मौलाना नाम खटकता है: लिखो तो पेन अटकता है साल की शुरुआत जनवरी से हाेती है तब मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन जिले की 3 पंचायतों के नाम बदलने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि गजनी खेड़ी पंचायत का नाम चामुंडा माता नगरी, मौलाना गांव का नाम विक्रम नगर और जहांगीरपुर का नाम जगदीशपुर होगा। मुख्यमंत्री ने मंच से कहा- एक गांव का नाम खटकता है। वो नाम है मौलाना। हमको तो समझ नहीं आया कि गांव का इस नाम से क्या संबंध है। नाम लिखो तो पेन अटकता है।पूरी खबर पढ़ें उज्जैन के आश्रम पहुंचा आसाराम:शिष्य बोले- मेडिकल ट्रीटमेंट ले रहे फरवरी के महीने में सबसे बड़ा घटनाक्रम हुआ और 22 फरवरी को इंदौर के आश्रम से गायब आसाराम उज्जैन पहुंचे। यहां मंगलनाथ स्थित आश्रम में ठहरा है। बड़ी संख्या में अनुयायी उससे मिलने भी पहुंचे। सांदीपनि आश्रम के पास बना आसाराम का ये आश्रम कई दिनों से वीरान पड़ा था, लेकिन इसके बाद इसे फूलों और रंगबिरंगी रोशनी से सजाया गया है। आसाराम के शिष्यों ने बताया कि वे यहां मेडिकल ट्रीटमेंट ले रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें डेयरी पर खड़े युवक को आया हार्ट अटैक, मौत मार्च के महीने में एक ऐसा वीडियो सामने आया जिसने सभी को झकझोर दिया। बेटी के साथ एक दुकान पर कुछ खरीदने आया 32 साल का युवक अचानक बेसुध होकर गिर पड़ा। जिससे उसकी मौत हो गई। रात के समय हुई इस घटना में हार्ट अटैक से उसकी मौत की आशंका जताई गई। घटना का वीडियो भी सामने आया। यह वीडियो लाखों लोगों द्वारा देखा गया। वीडियो में दिखा कि युवक बेटी का हाथ पकड़कर डेयरी पर आता है और काउंटर पर खड़ा हो जाता है। वहीं उसे अटैक आ जाता है और उसकी मौत हो जाती है। पूरी खबर पढ़ें बिलासपुर-बीकानेर एक्सप्रेस में आग लगी:उज्जैन के पास रोकी ट्रेन अप्रैल में एक ट्रेन बहुत बड़े हादसे का शिकार होने से बच गई। तराना में बिलासपुर-बीकानेर एक्सप्रेस (20846) ट्रेन में आग लग गई। आग ट्रेन के एसएलआर (जनरेटर डिब्बे) में लगी। धुआं उठने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने के बाद का वीडियो भी सामने आया। वीडियो में देखा गया कि कुछ लोग कोच के कांच फोड़कर, पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि कुछ देर बाद आग वाले कोच को अलग कर गाड़ी को रवाना कर दिया गया। इस घटना में किसी भी यात्री को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।पूरी खबर पढ़ें इंदौर के इंजीनियर को भिक्षुक समझा, आश्रम पहुंचाया मई में हमने एक ऐसे मीसाबंदी की स्टोरी पाठकों के सामने दी जिनकी कहानी ने सभी को सोचने पर विवश कर दिया। इंदौर को भिक्षुक मुक्त करने के लिए 15 अप्रैल को उज्जैन के सेवाधाम आश्रम भेजे जाने वालों में एक मीसाबंदी भी शामिल थे। प्रशासन ने उनको भिक्षुक समझकर यहां पहुंचा दिया। पेशे से मैकेनिकल इंजीनियर बुजुर्ग देवव्रत चौधरी (72) फर्राटेदार अंग्रेजी में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, सामाजिक कार्यकर्ता और गांधीवादी नेता विनोबा भावे के साथ के अपने अनुभव साझा किए। पूरी खबर पढ़ें तंत्र क्रिया के बाद सोनम-राजा के फोटो शिप्रा में बहाए जून में राजा रघुवंशी मामले में एक स्पेशल स्टोरी दी। जिस सोनम ने अपने पति राजा रघुवंशी की हत्या के लिए षड्यंत्र रचा उसकी सलामती के लिए पति का परिवार भगवान से मिन्नतें कर रहा था। उज्जैन के चिंतामन रोड स्थित स्थानीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रामेश्वर दास ने उज्जैन में किए गए अनुष्ठान के बारे में भी जानकारी दी। महंत रामेश्वर दास ने बताया, 28 मई को गुजरात के एक शिष्य के साथ राजा के परिवार से एक युवक मिलने आया था। मेरे अनुष्ठान करने के पांच दिन के अंदर राजा की खबर उसके परिवार को मिल गई थी। उसका शव मिल गया था। पूरी खबर पढ़ें महाकाल मंदिर के गर्भगृह में जबरन घुसा विधायक का बेटा जुलाई में ही राजनीतिक दबाव की एक खबर ने भक्तों को नाराज कर दिया। महाकाल मंदिर के गर्भगृह में इंदौर-3 के भाजपा विधायक गोलू शुक्ला का बेटा रुद्राक्ष जबरन घुस गया। इस दौरान मंदिर कर्मचारी आशीष दुबे ने उसे रोकने की कोशिश की, तो रुद्राक्ष ने उसे धमकाया। विधायक गोलू शुक्ला भी वहां मौजूद थे। दोनों ने करीब 5 मिनट तक मंदिर में पूजा-अर्चना की। दरअसल, विधायक गोलू शुक्ला की कांवड़ यात्रा रविवार रात उज्जैन पहुंची थी। भस्म आरती के पट खुलने के बाद गोलू शुक्ला अपने समर्थकों के साथ महाकाल मंदिर पहुंचे। बेटा रुद्राक्ष भी साथ था। पूरी खबर पढ़ें महाकाल की राजसी सवारी पर हेलिकॉप्टर से बरसाए फूल अगस्त में भगवान की ऐसी सवारी निकाली गई जिसे पूरे उज्जैन ही नहीं एमपी के लोग देखते रह गए। भगवान महाकाल की 6वीं सवारी राजसी अंदाज में निकाली गई। भगवान महाकाल 6 स्वरूपों(मुखारविंद) में प्रजा का हाल जानने निकले। सीएम डॉ. मोहन यादव भी इसमें शामिल हुए। उन्होंने डमरू भी बजाया। सवारी निकलने से पहले सीएम ने बाबा महाकाल का पूजन किया। सशस्त्र बल ने गॉर्ड ऑफ ऑनर दिया। सवारी रामघाट पर पहुंची तो हेलिकॉप्टर से फूल बरसाए गए। शिप्रा नदी के जल से भगवान का पूजन किया गया। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी बेटे महानआर्यमन के साथ मंदिर पहुंचे। पूरी खबर पढ़ें शिप्रा में गाड़ी समेत समाए TI-SI और कॉन्स्टेबल, VIDEO सितंबर का महीना एक बड़े और दर्दनाक हादसे का गवाह बन गया। पुलिसकर्मियों की एक कार शिप्रा नदी में गिर गई। कार समेत शिप्रा नदी में गिरे एसआई मदनलाल निमामा का शव दो दिन बाद बरामद कर लिया गया। उनका शव भैरवगढ़ क्षेत्र में मिला। वहीं कॉन्स्टेबल आरती पाल के शव को दो दिन बाद निकाला जा सका। कार भी निकाली गई। कार में सवार टीआई अशोक शर्मा का शव शिप्रा नदी से बरामद किया गया था। तेज रफ्तार कार ब्रिज पर सीधे शिप्रा नदी में गिर गई थी। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया। पूरी खबर पढ़ें नदी में गिरी बच्चों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली, 2 की मौत अक्टूबर में फिर एक बड़ा हादसा हुआ और श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली रेलिंग तोड़कर चंबल नदी में गिर गई। इस हादसे में 12 बच्चे नदी में गिर गए। इनमें से 11 को स्थानीय लोगों ने बाहर निकाला। चार बच्चों को गौतमपुरा अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान दो बच्चों की मौत हो गई। शुभम चौहान नाम का एक बच्चा लापता रहा जिसका बाद में शव मिला। उसकी तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन चलता रहा बाद में उसका भी शव निकाला गया। पूरी खबर पढ़ें सीएम के बेटे की शादी, बाबा रामदेव ने पढ़े मंत्र नवंबर के महीने में एमपी के सीएम ने पूरे देश में नई मिसाल पेश की। मध्य प्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव के बेटे अभिमन्यु और डॉ. इशिता की शादी की रस्में सामूहिक सम्मेलन में संपन्न हुईं। उज्जैन के सांवराखेड़ी में कार्यक्रम हुआ। वरमाला के दौरान बाबा रामदेव ने मंत्र पढ़े। सभी रस्मों के बाद सीएम वर-वधू से मिले और उन्हें आशीर्वाद दिया। शादी की रस्मों के दौरान बाबा रामदेव ने धीरेंद्र शास्त्री से कहा, आपका भी सामूहिक सम्मेलन में ही विवाह कराएंगे महाराज।पूरी खबर पढ़ें मध्यप्रदेश- 9 साल की बच्ची से रेप की कोशिश साल का आखिरी महीना जाते-जाते एक दर्दनाक दुख दे गया। उज्जैन के खाचरोद में रेप करने में नाकाम होने पर 9 साल की बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मासूम नानी के घर आई थी। पड़ोस में ही रहने वाले शख्स ने पहले दुष्कर्म करने की कोशिश की। चिल्लाने पर उसने बच्ची को बोरी में बंद कर दिया। फिर मोगरी से लगातार वार किए। गंभीर हालत में बच्ची को रतलाम के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पूरी खबर पढ़ें


