ग्रामीणों को कृषि एवं पशुपालन के आधुनिक तरीके बताए गए

भास्कर न्यूज | बेनूर नारायणपुर जिले के अति नक्सल प्रभावित क्षेत्र के ग्राम कोडेनार में 53वीं वाहिनी भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल द्वारा कृषि एवं पशुपालन जन-जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य सुदूर अंचल के ग्रामीणों को कृषि एवं पशुपालन के आधुनिक तरीकों की जानकारी देकर उनकी आजीविका को सशक्त बनाना था। कार्यक्रम 21 जनवरी को 53वीं वाहिनी के सेनानी संजय कुमार के मार्गदर्शन में सीओबी कोडेनार परिसर में आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों को उन्नत बीज, फसल चक्र, जैविक खेती, मृदा परीक्षण, पशुओं के टीकाकरण, पोषण, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के उपाय तथा पशु रोगों की रोकथाम के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने सरकारी योजनाओं के माध्यम से मिलने वाले अनुदान, बीमा, ऋण सुविधा और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के बारे में भी ग्रामीणों को अवगत कराया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए 53वीं वाहिनी के सीवीओ केडी शर्मा ने कहा कि भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल केवल सुरक्षा ही नहीं, बल्कि ग्रामीणों की सेवा और विकास के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी समस्या या आवश्यकता के लिए वे निःसंकोच कैंप से संपर्क करें। जवान हमेशा उनकी सुरक्षा और सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *