बलरामपुर के हिडुलीकलां गांव में जल जीवन मिशन के तहत सप्लाई की जा रही पानी की पाइपलाइन के लीकेज से जलभराव की समस्या पैदा हो गई है। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर जिलाधिकारी से उचित प्रबंध और सप्लाई में हुई अनियमितताओं की जांच की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि छह महीने पहले शुरू हुई इस सप्लाई में घटिया पाइप का इस्तेमाल किया गया, जिसके चलते यह दिक्कत उत्पन्न हुई। गुरुवार रात हिडुलीकलां के रेहार पुरवा में पानी टंकी से सप्लाई के दौरान पाइप लीकेज हुआ। इसके चलते गांव के मुख्य मार्ग पर पानी भर गया। ग्रामीण छेदीराम और लक्ष्मण के घरों में दीवारें गिरने और दरारें आने की शिकायतें हैं। घरों में 1-2 फीट तक पानी भरने से सामान खराब हो गया। मुख्य मार्ग पर पानी भरने से आवागमन बाधित हो गया है। पाइपलाइन में घटिया सामग्री का इस्तेमाल
स्थानीय ग्रामीण सोनपाल, राजेश, अलखराम और अन्य ने कार्यकारी संस्था पर मानक विहीन पाइपलाइन बिछाने का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने बताया कि करीब 40 घरों में पानी घुस गया, जिससे किचन, बेडरूम तक पानी भर गया। तेज फोर्स से पानी बाहर आने से अनाज, कपड़े और अन्य सामान खराब हो गए। जांच का भरोसा, लेकिन कार्रवाई पर सवाल
मामले पर अधिशासी अभियंता संदीप सिंह ने कहा कि पाइप लीकेज की वजह से पानी घरों में गया। ग्रामीणों की शिकायत पर जांच की जा रही है। मानक विहीन काम पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई जरूरी है ताकि भविष्य में ऐसी दिक्कतें न हों। ग्रामीणों की मांग: दोषियों पर हो सख्त कार्रवाई
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से इस मामले में हस्तक्षेप कर जांच कराने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, उन्होंने खराब पाइपलाइन को जल्द बदलने और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान निकालने की अपील की है।


