भास्कर न्यूज | देवरीबंगला देवरी ब्लॉक के ग्राम गिधवा (पिनकापार) में नवयुवक फाग उत्सव समिति एवं ग्रामीणों द्वारा आयोजित एक दिवसीय फाग गायन एवं झांकी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक कुंवरसिंह निषाद ने भगवान श्री कृष्ण की पूजा करके किया। विधायक ने फाग प्रतियोगिता को संबोधित करते हुए कहा कि फाग गीत सदियों से चली आ रही हैं। गांवों और शहरों में फागुन मास में जगह-जगह फाग गीत प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन ग्रामीणों में एकजुटता और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। होली जैसा पर्व हृदय को आनंदित करता है और यह हमें भाईचारा, स्नेह और सौहार्दपूर्वक रहने की सीख देता है। कार्यक्रम में विधायक ने मोहारा की फाग मंडली के साथ उपस्थित श्रद्धालुओं को फाग गीत सुनाए और पूरे माहौल को उत्सवपूर्ण बना दिया। फाग उत्सव में जिला कांग्रेस के महामंत्री केशव शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजीव चौधरी, पूर्व अध्यक्ष कोदूराम दिल्लीवार, डॉ. बरसन निषाद, दुखुराम देवांगन, अश्वनी कुंजाम, तामेश्वर साहू, सुशील कुमार मंडावी, केवलराम, रमेश कुमार साहू, नेतराम देवांगन, हुमन देवदास, गिरधरलाल साहू सहित आयोजक समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


