ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भारत जी-राम-जी योजना से मिलेगी नई मजबूती: भईयालाल

भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर भारतीय जनता पार्टी मंडल पोड़ीबचरा की ओर से ग्राम बचराबांध में विकसित भारत जी-राम-जी योजना को लेकर मंडल स्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन और गरीब-मजदूरों के जीवन स्तर में सुधार पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम में विधायक भईयालाल राजवाड़े, भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र तिवारी, प्रदेश सह संयोजक कृष्णबिहारी जायसवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि व पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे। विधायक भईयालाल राजवाड़े ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार का संकल्प विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करना है, जिसमें ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती सबसे अहम है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत जी-राम-जी योजना ग्रामीण क्षेत्रों के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि मनरेगा सहित कई योजनाओं में पारदर्शिता का अभाव और भ्रष्टाचार व्याप्त था, जबकि मोदी सरकार पारदर्शी और जवाबदेह व्यवस्था लागू कर रही है। भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र तिवारी ने कहा कि विकसित भारत जी-राम-जी बिल के राज्य स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। यह योजना गांवों को आत्मनिर्भर बनाने और 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में मजबूत आधार तैयार करेगी। प्रदेश सह संयोजक कृष्णबिहारी जायसवाल ने कहा कि अब ग्रामीण भारत तेजी से बदल रहा है। गांवों में कनेक्टिविटी बढ़ी है और आजीविका के नए साधन विकसित हुए हैं। जी-राम-जी योजना में रियल-टाइम डेटा अपलोड, मोबाइल मॉनिटरिंग और एआई आधारित फ्रॉड डिटेक्शन जैसी आधुनिक व्यवस्थाएं होंगी, जिससे सही लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचेगा और गरीब-मजदूरों के जीवन स्तर में वास्तविक सुधार होगा। कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष अशोक जायसवाल, जनपद उपाध्यक्ष प्यारे साहू सहित अन्य वक्ताओं ने भी विचार रखे। मंडल अध्यक्ष किशोर सिरदार ने स्वागत उद्बोधन दिया और संचालन सोशल मीडिया प्रभारी जगनारायण साहू ने किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *