भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर राष्ट्रीय किसान दिवस पर 23 दिसंबर को कृषि विज्ञान केंद्र कोरिया में केंद्रीय कृषि व किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान के लाइव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम किसानों को नवीनतम सरकारी योजनाओं, कृषि विकास और रोजगार संबंधी जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की। उन्होंने योजना के नए स्वरूप और इसके उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन के साथ-साथ कृषि व प्राकृतिक संसाधन आधारित कार्यों को बढ़ावा देने में सहायक सिद्ध हो रही है। मंत्री ने यह भी कहा कि योजना के माध्यम से किसानों की आय में वृद्धि हुई है और ग्रामीण विकास को मजबूती मिली है। इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र कोरिया में कुल 87 कृषक उपस्थित थे। साथ ही कृषि विभाग जिला कोरिया के अधिकारी व कर्मचारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे और किसानों के साथ सरकारी योजनाओं और उनके लाभों पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम के अंत में किसानों ने सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को उपयोगी व लाभकारी बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से उन्हें योजनाओं की सही जानकारी मिलती है और वे अपने कृषि कार्यों में उन्हें प्रभावी रूप से लागू कर सकते हैं। किसानों ने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों की निरंतरता बनाए रखने की अपेक्षा व्यक्त की। कृषि विज्ञान केंद्र कोरिया के अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के आयोजन किसानों और प्रशासन के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम हैं, जिससे कृषि क्षेत्र में नवाचार और सरकारी योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचता है।


