ग्रामीण ने लगाई फांसी, परिजन व लोगों ने थाना घेरा

भास्कर न्यूज| पुरूर
पुरूर निवासी पुरानिक जोशी ने 23 फरवरी को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिजनों एवं सतनामी समाज के लोगों ने पुरूर पुलिस पर मानसिक प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाकर लिखित शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। परिजन का आरोप है कि अवैध शराब बिक्री के मामले में पुलिस ने राशि की डिमांड की थी। प्रताड़ना से पुरानिक ने फांसी लगाई थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, तो परिजनों ने दोषी पर कार्रवाई की मांग और उच्च अधिकारियों को बुलाने की मांग करते हुए फंदे से लाश को उतारने नहीं दिया। इसके बाद डीएसपी माया शर्मा एवं थाना प्रभारी शेन्डे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। परिजनों ने पुरूर पुलिस के कुछ कर्मचारियों पर नामजद लिखित शिकायत कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। समाजजन व परिजनों ने शव को लेकर थाना के सामने प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक भैयाराम सिन्हा, ब्लाक कांग्रेस कमेटी गुरूर अध्यक्ष किशोर साहू, जितेन्द्र यादव सहित कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने परिजनों के मांगों का समर्थन किया। दोषी पुलिस कर्मियों को वहां से शीघ्र हटाने एवं उन पर उचित कार्रवाई करने की मांग की। डीएसपी मार्या शर्मा एवं थाना प्रभारी ने 3 दिनों के भीतर घटना की जांच कर दोषियों पर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसके बाद मामला शांत हुआ।
परिजनों का आरोप है कि पुरानिक जोशी 52 वर्ष को पुरूर पुलिस ने अवैध शराब बिक्री का आरोप लगाकर उन्हें पकड़कर थाना ले गए थे। पुलिस ने उन्हें कार्रवाई का डर दिखाकर 30 हजार की मांग की। पुरानिक ने उन्हें घर से ले जाकर 10 हजार रुपए नगद दिया। दूसरे दिन 20 हजार रुपए देने का आश्वासन दिया। इसकी जानकारी परिजनों को दी गई। दूसरे दिन पैसे की व्यवस्था नहीं होने के कारण पुलिस के भय से उन्होंने फांसी लगा लिया। परिवार के महंगू जोशी, नारद जोशी व अन्य मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *