ग्रामीण बोले-35 किमी का चक्कर खत्म हो,4 किमी सड़क बने:बैतूल में 20 गांवों के ग्रामीण सड़कों पर उतरे, आमला–सारणी मार्ग को छोटा करने की मांग

बैतूल में आमला-सारणी मार्ग पर कम दूरी की सड़क बनाने की मांग को लेकर मंगलवार को आमला क्षेत्र के 20 से अधिक गांवों के सैकड़ों ग्रामीणों ने बैतूल में प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने 40 किलोमीटर का सफर तय कर कलेक्ट्रेट परिसर में रैली निकाली और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आवरिया से ठानी होते हुए बेलोंड तक लगभग 3 से 4 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण की मांग की। ग्रामीणों के अनुसार, वर्तमान में आमला से सारणी जाने के लिए बोरी होकर लगभग 35 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता है। इस रास्ते में एक खतरनाक घाट है, जहाँ अक्सर दुर्घटनाएँ होती रहती हैं। बसों और भारी वाहनों के लिए यह मार्ग उपयुक्त नहीं है, जिससे यात्रियों को काफी असुविधा होती है। ग्रामीण बोले-दूरी लगभग 20 किलोमीटर कम हो जाएगी ग्रामीणों का तर्क है कि यदि ठानी से बेलोंड के बीच नई सड़क का निर्माण हो जाता है, तो आमला से सारणी की दूरी लगभग 20 किलोमीटर कम हो जाएगी। इससे आवागमन सुगम होगा और दुर्घटनाओं का खतरा भी कम हो जाएगा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि सड़क निर्माण के लिए शीघ्र सर्वे और प्रक्रिया शुरू नहीं की गई, तो वे आंदोलन, चक्का जाम और भूख हड़ताल जैसे कदम उठाने को मजबूर होंगे। प्रदर्शन के दौरान, उन्होंने विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे को मौके पर बुलाने की मांग की। विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे कलेक्ट्रेट पहुंचे और ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि सड़क का सर्वे कराया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि निर्माण कार्य के लिए शासन स्तर पर पूरा सहयोग किया जाएगा। विधायक के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांतिपूर्वक अपने घरों को लौट गए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *