बुधवार को मकर संक्रांति पर्व के दौरान उज्जैन शहर और देहात में चाइनीज मांझे का उपयोग करने वालों पर पुलिस ड्रोन से निगरानी करेगी। जिन क्षेत्रों में पतंगबाजी अधिक होती है, वहां छतों पर बायनोक्युलर के माध्यम से भी नजर रखी जाएगी। एसपी प्रदीप शर्मा ने भोपाल और इंदौर जिलों से आने वाले जानलेवा मांझे पर अंकुश लगाने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। उज्जैन में चाइनीज मांझे से हुई घटनाओं से सबक लेते हुए पुलिस ने बुधवार को मनाए जाने वाले मकर संक्रांति पर्व के लिए विशेष तैनाती की है। एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि सुबह से ही पुलिस टीमें निगरानी शुरू कर देंगी। शहर के अलग-अलग इलाकों में पांच ड्रोन की मदद से चाइनीज मांझे का उपयोग करने वालों पर नजर रखी जाएगी और उल्लंघन करने वालों को पकड़ा जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें अब तक 25 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। नाबालिगों के मामलों में उनके माता-पिता के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। एसपी ने बताया कि भोपाल और इंदौर पुलिस से भी समन्वय किया गया है, ताकि सप्लायर्स पर नजर रखी जा सके और जानलेवा मांझा जिले में प्रवेश न कर पाए। इसके अलावा बुधवार सुबह से छतों पर भी पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। उज्जैन पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही चाइनीज मांझे से लगातार लोगों के घायल होने की घटनाओं के बाद उज्जैन पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। प्रतिबंधित चाइनीज डोर का उपयोग करने वालों पर पुलिस ड्रोन और दूरबीन से निगरानी रख रही है। मकर संक्रांति पर होने वाली पतंगबाजी को देखते हुए पुलिस ने तोपखाना क्षेत्र की कई दुकानों पर सर्चिंग की। इससे पहले भी पुलिस बीते दो दिनों से लगातार कार्रवाई करते हुए चाइनीज डोर बेचने वालों को पकड़कर उनके खिलाफ केस दर्ज कर चुकी है। पुलिस टीमें आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए दूरबीन (बाइनाकुलर) के माध्यम से छतों, खुले मैदानों और संभावित पतंगबाजी स्थलों पर निगरानी और जांच करेंगी।


