बूंदी के देईखेड़ा कस्बे में राज्य सरकार की वर्षगांठ के अवसर पर ग्रामीण समस्या समाधान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें गुहाटा, लबान, देईखेड़ा और खरायता पंचायतों के ग्रामीणों ने भाग लिया। शिविर का शुभारंभ नायब तहसीलदार और शिविर प्रभारी जगदीश शर्मा ने किया। सरपंच बुद्धि प्रकाश मीणा और सचिव रतन सिंह पंवार ने बताया कि शिविर में ग्रामीणों से सामाजिक सुरक्षा पेंशन, किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास, खाद्य सुरक्षा और श्रमिक पंजीयन जैसी विभिन्न योजनाओं के लिए आवेदन प्राप्त किए गए। हालांकि, शिविर में श्रम और रसद विभाग के कर्मचारियों के गैरमौजूद रहने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लबान निवासी रवि मीणा ने बताया कि दोपहर बाद तक भी इन विभागों के कर्मी नहीं पहुंचे, जिससे संबंधित कार्यों के लिए आमजन को दिक्कत हुई। देईखेड़ा निवासी लखन मीणा ने यह भी बताया कि देईखेड़ा पंचायत सचिव ने शिविर के आयोजन की जानकारी ग्रामीणों को नहीं दी थी। इस कारण कई ग्रामीण शिविर में नहीं पहुंच पाए।


