मकरंद देशपांडे बोले- एआई से थिएटर को कोई खतरा नहीं:​​​​​​​जयरंगम थिएटर फेस्टिवल में देश के फिल्मी सितारे देंगे प्रस्तुति, न्यूजीलैंड का नाटक का होगा मंचन

14वां जयरंगम (जयपुर रंग महोत्सव) 18 से 21 दिसंबर तक जवाहर कला केंद्र में आयोजित किया जा रहा है। थ्री एम डॉट बैंड्स थिएटर फैमिली सोसाइटी, कला एवं संस्कृति विभाग राजस्थान और जवाहर कला केन्द्र, जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में किया जाएगा, जहां रंगमंच, कला, संस्कृति, संगीत और संवाद का समागम देखने को मिलेगा।
बुधवार को फेस्टिवल की रूपरेखा और थिएटर पर मशहूर बॉलीवुड एक्टर मकरंद देशपांडे और जयरंगम फेस्टिवल की डायरेक्टर मन गेरा ने जानकारी दी। इस दौरान संजय हरपावत, डॉ. हेमा गेरा, जे.के. जाजू, वाय. के. नरूला भी मौजूद रहे। मकरंद देशपांड ने कहा कि मैं सर सर सरला नाटक के साथ यहां से जुड़ा हूं और हर बार एक अलग अंदाज में यहां आता हूं। एक दशक से जयरंगम ने जयपुर के साथ जोड़े रखा है। इस बार आइंस्टीन नाटक लेकर आया हूं, जिसका एक शो बच्चों के लिए विशेष तौर पर कर रहा हूं। उन्होंने एआई से थिएटर पर संकट पर कहा कि थिएटर कभी भी खत्म नहीं होगा। एआई के जरिए पांच मकरंद देशपांडे बना दिए जाएंगे, लेकिन ऑडियंस को थिएटर में ही असली मकरंद देशपांडे चाहिए।
मन गेरा ने कहा कि फेस्टिवल में रंगमंच, कला एवं संस्कृति के रंगों से सजाया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि इस वर्ष महिलाओं को केन्द्र में रखते हुए फेस्टिवल तैयार किया गया है। महोत्सव की शुरुआत 18 दिसंबर, गुरुवार को दोपहर 12 बजे बच्चों के लिए मकरंद देशपांडे के नाटक ‘आइंस्टीन’ के मंचन से कृष्णायन सभागार में होगी। दोपहर 2 बजे ‘अजीत राय– थिएटर, सिनेमा एंड एवरीथिंग इन बिटवीन’ विषय पर टॉक शो आयोजित किया जाएगा, जिसमें मकरंद देशपांडे, गुलाब सिंह तंवर, धर्मेंद्र नाथ ओझा, राजकुमार रजक और अभिषेक गोस्वामी संवाद करेंगे।
शाम 4 बजे रंगायन में समीना जेहरा का नाटक ‘द गिरमिट’ प्रस्तुत किया जाएगा, जबकि शाम 7 बजे हर उम्र के कला प्रेमियों के लिए मकरंद देशपांडे के नाटक ‘आइंस्टीन’ का मंचन होगा। चार दिनों में 11 नाट्य प्रस्तुतियां, म्यूजिकल परफॉर्मेंस, दास्तानगोई, एग्जीबिशन आयोजित की जाएगी। इसमें 9 नाटक राजस्थान में पहली बार हो रहे है। ‘स्पॉटलाइट’ सेगमेंट के तहत 6 नाटक, इस वर्ष स्पॉटलाइट के तहत महिला नाट्य निर्देशकों के नाटकों का मंचन प्रस्तावित है।
जयरंगम में पहली बार हेरिटेज वॉक का आयोजन होगा। जेम सिनेमा से सांगानेरी गेट, बड़ी चौपड़, हवामहल, टाउन हॉल से राम प्रकाश थिएटर, जयपुर के जरिए लोग शहर के स्थापत्य, संस्कृति और आम जीवन को जान सकेंगे। समिना जहेरा निर्देशित ‘द गिरमिट’ न्यूजीलैंड की नाट्य प्रस्तुति है, जो भारत में पहली बार हो रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *