ग्राम पंचायत पीपलदा की सीसी रोड की जांच के लिए संशोधित कमेटी गठित

कासं|सवाईमाधोपुर ग्राम पंचायत पीपलदा, पंचायत समिति बौंली में सड़क बनाए बिना ही भुगतान उठाने का मामला सामने आने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने एक तीन सदस्यीय संशोधित जांच कमेटी गठित की है। यह कमेटी सात दिवस में मामले की बिंदुवार जांच कर जांच रिपोर्ट मय रिकॉर्ड अपनी स्पष्ट टिप्पणी/अभिशंषा सहित जिला परिषद कार्यालय को प्रस्तुत करेगी। जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत पीपलदा द्वारा अपने रिकॉर्ड में दुर्गा बलाई के मकान से नाथ मोहल्ला होकर श्योजी कुम्हार से संत महाराज की ओर सीसी रोड की जांच के लिए जिला परिषद स्तर से पूर्व में ललिता मीना अधिशाषी अभिंयता(जल संसाधन) जिला परिषद सवाईमाधोपुर, बंशीलाल मीना अतिरिक्त विकास अधिकारी जिला परिषद सवाईमाधोपुर व सपना शर्मा कनिष्ठ लेखाकार जिला परिषद सवाईमाधोपुर की संयुक्त जांच टीम गठित की थी। लेकिन अधिशाषी अभियंता ललिता मीना का जल संसाधन विभाग जयपुर में पदस्थापन हो गया। ऐसे में जांच कमेटी में आंशिक संशोधन करते हुए संयुक्त जांच कमेटी गठित की है। जांच कमेटी में बृजलाल मीना अधिशाषी अभियंता जिला परिषद सवाईमाधोपुर, बंशीलाल मीना अतिरिक्त विकास अधिकारी जिला परिषद सवाईमाधोपुर व सपना शर्मा कनिष्ठ लेखाकार जिला परिषद सवाईमाधोपुर को शामिल किया है। अब यह जांच कमेटी प्रकरण की जांच कर रिपोर्ट जिला परिषद कार्यालय को सुपुर्द करेगी। उल्लेखनीय है कि पूर्व में मामले को लेकर सरपंच ने बताया था कि सड़क बनाई गई थी, लेकिन बजरी की ट्रेक्टर ट्रॉलियां निकलने तथा मोहल्ले का पानी सड़क पर छोड़ने से सड़क टूट गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *