तुस्मा | ग्राम पंचायत मुड़पार में रविवार को आयोजित रक्तदान शिविर में 50 से अधिक लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। इसमें युवा, बुजुर्ग और महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से देखने को मिली। महिलाओं ने बढ़-चढ़कर रक्तदान कर ग्रामीण क्षेत्रों में आमतौर पर कम देखी जाने वाली महिला सहभागिता की परंपरा को तोड़ते हुए नई मिसाल कायम की। रक्तदाताओं को ग्राम पंचायत की ओर से प्रमाण पत्र और हेलमेट देकर सम्मानित किया गया। पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि रक्तदान एक पुण्य कार्य है, जिससे जरूरतमंद की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने ग्रामीणों से समय-समय पर रक्तदान करने और दूसरों को प्रेरित करने का आह्वान किया।


