भास्कर न्यूज | डौंडी ग्राम पंचायत सचिव 18 मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। वे शासकीयकरण की मांग कर रहे हैं। हड़ताल के कारण ग्राम स्तर के सभी विकास कार्य और हितग्राहीमूलक योजनाएं ठप हो गई हैं। ग्रामीणों को रोजमर्रा के काम में परेशानी हो रही है। विधानसभा चुनाव के दौरान सरकार ने अपने घोषणा पत्र में पंचायत सचिवों के शासकीयकरण का वादा किया था। इसी को लेकर सचिव धरने पर बैठे हैं। पंचायत सचिव शासन की सभी योजनाओं और विभागीय आदेशों का पालन करते हुए निष्ठापूर्वक कार्य करते हैं। लेकिन उन्हें अन्य कर्मचारियों की तुलना में बेहद कम सुविधा मिल रही है। उनके भविष्य को लेकर भी सरकार ने अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया है। जनपद सदस्य पुनीत राम सेन ने इस संबंध में एडीएम को ज्ञापन सौंपा और मांग की कि अन्य विभागों के नियमित कर्मचारियों की तरह उन्हें भी सभी लाभ दिए जाएं।


